
उदित वाणी , जमशेदपुर : ईचागढ़ प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव चोगा निवासी प्रभात कुमार महतो ने छऊ नृत्य को नए आयाम तक पहुंचाते हुए कला के माध्यम से देश ही नहीं विदेश में भी अपना नाम रोशन किया है। अब वे 29 मई को गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल के समापन समारोह में अपनी छऊ नृत्य की प्रस्तुति देंगे। वे अपनी 10 सदस्यों की टीम के साथ मंगलवार को अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए। टीम में सुचांद महतो, जगदीश चंद्र महतो, श्रावण गोप, सीताराम महतो, रामदेव महतो, सदानंद गोप, गणेश महतो, ललित महतो एवं मंटू महतो शामिल हैं। प्रभात कुमार महतो का बचपन से ही छऊ नृत्य के प्रति समर्पण रहा है। बचपन में गांव में छऊ नृत्य देखने के दौरान उन्हें इसमें दिलचस्पी होने लगी और गांव के ही छऊ नृत्य टीम के साथ काम करने लगे।
वर्ष 1999 में अपनी टीम नटराज कला केंद्र बनाकर काम करने लगे। धीरे धीरे नृत्य की प्रस्तुति राज्य के साथ-साथ देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी करने लगे। विदेशों से भी उन्हें प्रदर्शन के लिए बुलाया जाने लगा। इस संबंध में प्रभात कुमार महतो ने बताया कि उनकी टीम ने भूटान, ताईबान, हॉंगकॉंग, दुबई समेत कई अन्य देशों में भी छऊ नृत्य का प्रदर्शन किया है। इनके मुख्य प्रदर्शन में गणेश परशुराम पाठ, महिषासुर वध, अभिमन्यु पाठ, जम्बुवती विवाह, कृष्ण लीला, हिरण्यकश्यप वध, संथाल विद्रोह, बिरसा मुंडा एवं चुहाड़ विद्रोह व रघुनाथ महतो प्रसिद्ध है। उन्होंने बताया कि संथाल विद्रोह, बिरसा मुंडा एवं चुहाड़ विद्रोह की कहानी पर आधारित छऊ नृत्य से झारखंड राज्य में ज्यादा चाहत बढ़ी और धीरे-धीरे देश के साथ साथ विदेश से भी उनका बुलावा आने लगा।
प्रभात कुमार महतो मंगलवार की रात्रि टाटानगर से अहमदाबाद हावड़ा एक्सप्रेस से अहमदाबाद के लिए रवाना हुए। 26 मई को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंचेंगे जहां 2 दिन का रिहर्सल कार्यक्रम होगा तथा 29 मई को आईपीएल समाप्ति के दौरान अभिनेता ए आर रहमान एवं रणवीर सिंह के समक्ष ग्रुप छऊ नृत्य की प्रस्तुति देंगे।


