
उदित वाणी चांडिल: ईचागढ़ थाना क्षेत्र में जेएलकेएम नेता तरुण महतो से कथित मारपीट के मामले की जांच ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा चांडिल स्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मामले से जुड़े पुलिस पदाधिकारियों से क्रमवार पूछताछ की और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायात भी मौजूद रहे।
डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि तरुण महतो की पत्नी भानुमति महतो द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बावजूद भानुमति महतो उपस्थित नहीं हो सकीं, जिससे उनका बयान दर्ज नहीं हो पाया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की जा रही है। गौरतलब है कि भानुमति महतो की शिकायत पर झारखंड हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक हाईकोर्ट में उपस्थित हुए थे, जहां न्यायालय ने डीआईजी को विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
बताया जाता है कि 18 नवंबर की रात डुमटांड़ के पास बालू परिवहन को लेकर विवाद के बाद तरुण महतो को गिरफ्तार किया गया था और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

