
उदित वाणी पटमदा: रांची में आयोजित राज्यस्तरीय कराटे प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर लौटे बोड़ाम प्रखंड के पाकोटोड़ा निवासी 12वीं कक्षा का छात्र वैद्यनाथ सिंह सोमवार को पटमदा इंटर कॉलेज जाल्ला के प्रांगण में सम्मानित किए गए. इस संबंध में पटमदा इंटर कॉलेज,जाल्ला के प्राचार्य डॉ तरूण कुमार महतो ने बताया कि वैद्यनाथ उनके कॉलेज के बारहवीं का छात्र है जो एक गरीब परिवार तथा सुदूर गांव से आते हैं. जहां खेलकूद की कोई सुविधा नहीं है. उन्होंने बताया कि वैद्यनाथ ने आज कराटे जैसे खेल में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर न सिर्फ महाविद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है. महाविद्यालय परिवार की ओर से छात्र छात्राओं की उपस्थिति में वैद्यनाथ सिंह को माला पहनाकर व बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जीवनी पर आधारित पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया गया.
सभा को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने आज का दिन को ऐतिहासिक तथा गौरवशाली बताया. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को अब हर शनिवार आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए वैद्यनाथ ने सहमति दी है जिसका सकारात्मक परिणाम भविष्य में नजर आयेगा. सभा को प्रो. अरूण कुमार, विश्वनाथ महतो आदि ने भी संबोधित किया. प्रो. दिनेश महतो ने धन्यवाद ज्ञापन किया.


