
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत हलुदबनी के कोचाकुली से कुछ दिन पूर्व चोरी हुई बुलेट मोटरसाइकिल और स्कूटी को पुलिस ने बागबेड़ा क्षेत्र से बरामद कर लिया है। हालांकि चोर अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
सूत्रों के अनुसार, चोरी की गई बुलेट बागबेड़ा के हरहरगुडू काली मंदिर के पास लावारिस हालत में पाई गई। वहीं स्कूटी बागबेड़ा कॉलोनी नंबर एक से बरामद की गई, जो काफी क्षतिग्रस्त थी। दोनों वाहनों के नंबर प्लेट हटा दिए गए थे, जिससे चोर अपनी पहचान छुपाना चाहते थे। पुलिस का कहना है कि दबिश के कारण चोर गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए।
जेएलकेएम नेता भरत सिंह ने बताया कि पुलिस की सक्रियता से चोर डरकर भागे और वाहनों को छोड़ दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे। वहीं, जेएलकेएम के जिला महामंत्री गणपति करूआ ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि चोरों की गिरफ्तारी जरूरी है, ताकि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगे और कानून का भय कायम रहे।
वाहनों के मिलने की सूचना मिलते ही वाहन मालिक सहदेव करूआ बागबेड़ा थाना पहुंचे और उन्होंने वाहनों की पहचान की। गाड़ियों की बरामदगी से सहदेव समेत अन्य वाहन मालिकों में खुशी का माहौल है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर चोरों की पहचान की कोशिश हो रही है। पुलिस का मानना है कि संगठित गिरोह इस तरह की घटनाओं में शामिल हो सकता है। बरामद वाहनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद मालिकों को सौंपा जाएगा।
चोरी की घटनाओं से परेशान क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है और चोरों के खिलाफ अभियान जारी है।

