
उदित वाणी, सरायकेला : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के 19 वर्षीय पोते वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई है. हालांकि इस संबंध में अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन बाहर रहकर पढ़ाई कर रहे थे. बताया जा रहा है कि मंगलवार को वे अपने दोस्तों के साथ कुल्लू घूमने गए थे. बर्फ में स्केटिंग करने के बाद होटल लौटने पर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. कहा जा रहा है कि उन्हें अस्पताल ले जाने का अवसर नहीं मिल सका और वहीं उनका निधन हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन अपने पुत्रों सिमल सोरेन और बाबूलाल सोरेन तथा अन्य परिजनों के साथ देर रात रांची से दिल्ली के लिए रवाना हो गए. जानकारी के मुताबिक वे सड़क मार्ग से रांची पहुंचे और वहां से हवाई मार्ग द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान किया, जहां से कुल्लू जाने की तैयारी है. इधर, उनके पैतृक गांव में चल रहा पारंपरिक कार्यक्रम शोक के कारण स्थगित कर दिया गया. पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजन आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहे हैं. फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है.

