
उदित वाणी, कोलाबीरा : सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर गुरुवार की पूर्वाह्न दुगनी पुलिस लाइन के समीप बाइक और स्कूटी की टक्कर में एक शिक्षक और एक शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गए.
आमने-सामने हुई टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार संतोष कुमार महतो सरायकेला से लौट रहे थे, वहीं स्कूटी सवार रजनी टोपनो सरायकेला की ओर जा रही थीं. दोनों ही जल्दबाज़ी में थे, जिससे संतुलन बिगड़ा और आमने-सामने की टक्कर हो गई.
दोनों को गंभीर चोटें, एमजीएम रेफर
हादसे में संतोष कुमार महतो, जो उत्क्रमित मध्य विद्यालय, हातनादा में सहायक शिक्षक हैं, और रजनी टोपनो, जो केजीबीवी, राजनगर में खेल शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं, दोनों को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं. प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें सदर अस्पताल से एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सड़क से उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हादसे के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा.
