
उदित वाणी, खरसावाँ : शहीद दिवस के अवसर पर 01 जनवरी 2026 को शहीद स्थल, खरसावाँ में माननीय मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आरसीडी गेस्ट हाउस में संयुक्त ब्रीफिंग का आयोजन किया गया. इस दौरान उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लूणायत ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों को विस्तृत निर्देश दिए.
ब्रीफिंग में कार्यक्रम की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं आपातकालीन तैयारियों पर जोर दिया गया. सभी अधिकारियों को सुबह 06:00 बजे तक अपने निर्धारित स्थलों पर उपस्थित रहने एवं पूर्ण सतर्कता के साथ कर्तव्य निभाने के निर्देश दिए गए. श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर भी बल दिया गया.
श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु जूते-चप्पल स्टैंड एवं वाहन पार्किंग के निर्धारित स्थलों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए. यातायात के लिए रूट चार्ट का अनुपालन, मार्ग परिवर्तन एवं अव्यवस्था पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
ब्रीफिंग के बाद सभी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया गया. कार्यक्रम स्थल, आगमन मार्गों एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न हो.
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हासदा, डीआरडीए परियोजना निदेशक श्री अजय तिर्की, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

