
उदित वाणी, सरायकेला : उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जिले के विभिन्न इलाकों से पहुंचे दर्जनों नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपा. उपायुक्त ने स्वयं प्रत्येक फरियादी की बात सुनी और यथासंभव मामलों का निपटारा मौके पर ही किया.
भूमि विवाद से लेकर रोजगार तक की समस्याएं आईं सामने
जनता दरबार में प्रमुख रूप से भूमि विवाद, मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना से जुड़ी शिकायतें, म्यूटेशन में रकबा सुधार, भूमि नामांतरण जैसे मामलों पर नागरिकों ने अपनी पीड़ा जताई.
रोज़गार का वादा अधूरा, अमलगाम स्टील पर गंभीर आरोप
अमलगाम स्टील एंड पावर लिमिटेड के विरुद्ध शिकायत आई कि कंपनी ने रैयती भूमि के बदले नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन दस्तावेज़ लेने के बाद भी रोजगार नहीं दिया गया.
पुस्तकालय भवन जर्जर, नई व्यवस्था की मांग
कुचाई प्रखंड से आई एक मांग में बताया गया कि जर्जर भवन में संचालित पुस्तकालय के लिए वैकल्पिक भवन और नई पुस्तकों की आवश्यकता है.
आंगनबाड़ी सेविका चयन में अनियमितता पर उठी आवाज
इचागढ़ क्षेत्र के धुधाडीह बस्ती स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन में अनियमितता की शिकायत की गई. साथ ही, झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में सलूडीह आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका को नियुक्ति पत्र शीघ्र देने की मांग भी आई.
जांच के बाद शीघ्र कार्रवाई का निर्देश
उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

