
उदित वाणी चांडिल: मानवीय पहल का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने सड़क दुर्घटना में मृत चांडिल निवासी कुतल कुमार के परिजनों को बड़ी राहत दी है।
9 अगस्त को थाना क्षेत्र के मुखिया होटल के पास हुए सड़क हादसे में कुम्हारपाड़ा निवासी कुतल कुमार, उनकी पत्नी और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को टाटा टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान कुतल कुमार की मृत्यु हो गई, जबकि पत्नी और बच्चा स्वस्थ हो गए।
मृतक के परिजनों पर करीब 80 हजार रुपये का अस्पताल बिल बकाया था, जिसे चुकाने में वे असमर्थ थे। इसकी जानकारी मिलने पर विधायक सविता महतो ने तुरंत हस्तक्षेप किया और अस्पताल प्रबंधन से वार्ता कर पूरा बिल माफ कराया। इसके बाद मृतक का शव परिजनों को सौंपा गया।
विधायक के इस संवेदनशील कदम से परिजनों ने राहत की सांस ली और विधायक का आभार जताया। इस संबंध में जानकारी विधायक के आप्त सचिव काबलु महतो ने दी।

