
उदित वाणी, आदित्यपुर : राजद के युवा नेता सकला मार्डी ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने व्यक्तिगत मेहनत से 72 सक्रिय सदस्य बनाए, फिर भी उन्हें सरायकेला-खरसावाँ जिला राजद अध्यक्ष नहीं बनाया गया.
उन्होंने कहा कि आदित्यपुर निवासी जनार्दन यादव, वीरेंद्र यादव, राजेश यादव और श्रीराम यादव के बहकावे में आकर प्रदेश अध्यक्ष ने एक युवा आदिवासी कार्यकर्ता की उपेक्षा की है.
“आदिवासी बहुल जिले में गैर-आदिवासी अध्यक्ष, यह कैसा निर्णय?”
अपने आवास जीआर कॉलोनी, आदित्यपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में सकला मार्डी ने कहा कि सरायकेला-खरसावाँ एक जनजाति बहुल जिला है, फिर भी यहां एक गैर-आदिवासी को जिलाध्यक्ष बना दिया गया. उन्होंने इसे पार्टी के संस्थापक लालू प्रसाद यादव और राजद के आदिवासी जनाधार को कमजोर करने वाला निर्णय बताया.
पटना में करेंगे लालू और तेजस्वी से मुलाकात
सकला मार्डी ने घोषणा की कि वे जल्द ही पटना जाकर लालू यादव और तेजस्वी यादव से मुलाकात करेंगे. वे उन्हें कोल्हान क्षेत्र में संगठन में चल रही धनबल और जातिवाद की राजनीति के बारे में अवगत कराएंगे.
उन्होंने कहा कि कुछ खास लोगों की टीम संगठन में एक जाति विशेष के वर्चस्व को बनाए रखना चाहती है, जिससे निष्ठावान कार्यकर्ता हाशिए पर जा रहे हैं.
संगठन के प्रति निष्ठा जताई
सकला मार्डी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह एक जिम्मेदार पार्टी सदस्य के रूप में भविष्य में भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से संगठन का कार्य करते रहेंगे.
प्रेस वार्ता में कई समर्थक उपस्थित
प्रेस वार्ता में उनके साथ सोमाय बेसरा, सुंदर सोरेन, दशरथ बेसरा, विनय पासवान, मोहित यादव, राजा भूमिज, शिव हेंब्रम, रंजीत कुमार और दाँडो टुडू भी उपस्थित थे, जिन्होंने सकला मार्डी के पक्ष में समर्थन व्यक्त किया.

