
उदित वाणी, सरायकेला : भारतीय रिज़र्व बैंक के निर्देशानुसार एवं अग्रणी जिला प्रबंधक, सरायकेला-खरसावाँ के नेतृत्व में सरायकेला प्रखंड अंतर्गत पंद्रा पंचायत में आज 13 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय वित्तीय साक्षरता शिविर (फाइनेंशियल लिटरेसी वीक-FLW) 2026 का सफल आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय समावेशन तथा साक्षरता के प्रति जागरूक करना और उन्हें औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ना था.
शिविर का उद्घाटन अग्रणी जिला प्रबंधक एवं आरबीआई अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. इसमें आरबीआई अधिकारी, प्रखंड की सभी बैंक शाखाओं के प्रतिनिधि, वित्तीय साक्षरता केंद्र (FLCs), सामुदायिक वित्तीय साक्षरता केंद्र (CFLs), बैंकिंग संवाददाता (BC) तथा जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे. शिविर में केवाईसी/री-केवाईसी, बचत की महत्ता, ऋण सुविधाएं, डिजिटल बैंकिंग, सरकारी योजनाओं तथा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव पर विस्तृत जानकारी दी गई.
410 लाभार्थियों को योजनाओं से लाभ
शिविर के दौरान कुल 410 व्यक्तियों का केवाईसी पूरा कराया गया. उन्हें प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) से जोड़ा गया, साथ ही नए जनधन खाते भी खोले गए. इस आयोजन से ग्रामीणों को वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम मिला.

