
उदित वाणी, ईचागढ़ : नीमडीह थाना क्षेत्र में राशन दुकान में हुई चोरी के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. यह कार्रवाई थाना कांड संख्या-32/2025, दिनांक 8 जुलाई 2025 के अंतर्गत की गई है.
कैसे हुई चोरी? क्या था मामला?
थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी के अनुसार, वादी राकेश सिंह द्वारा दर्ज कराए गए आवेदन में उल्लेख किया गया था कि 3 जुलाई 2025 की रात उनके चांडिल स्टेशन रोड स्थित राशन दुकान की करकट हटाकर अज्ञात व्यक्ति ने दुकान से एक बंडल सिगरेट एवं काउंटर से ₹4000 नकद चोरी कर लिए थे.
कौन है आरोपी? क्या मिला उसके पास?
मामले की जांच के क्रम में पुलिस ने अभियुक्त पेलु सरदार उर्फ समर सिंह (उम्र 18 वर्ष), निवासी ऊपर पितकी, थाना नीमडीह को गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 10 पैकेट सिगरेट बरामद किए गए, जिन्हें विधिवत जप्त किया गया है.
अगली कार्रवाई
गिरफ्तार युवक को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश व जांच अब भी जारी है.

