उदित वाणी, कांड्रा: राजनगर प्रखंड के मुख्य बाजार में स्थित ऑलचिकी लिपि गुरु गोमके पंडित रघुनाथ मुर्मू की आदमकद प्रतिमा का मरम्मति कार्य और इसके लिए शेड का निर्माण अब विधायक फंड से किया जाएगा. मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री और स्थानीय भाजपा विधायक चंपाई सोरेन ने भूमि पूजन कर इस कार्य की शुरुआत की.
पंडित रघुनाथ मुर्मू का योगदान और प्रेरणा
भूमि पूजन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि गुरु गोमके पंडित रघुनाथ मुर्मू ने ओलचिकी लिपि का निर्माण कर संथाली समाज को एक पहचान दी. उन्होंने इसे संथाली समाज के लिए एक अनमोल धरोहर बताया और कहा कि पंडित रघुनाथ मुर्मू सदैव समाज के मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत रहेंगे.
गुरु गोमके की जयंती और आगामी कार्य
चंपाई सोरेन ने यह भी कहा कि इस बार गुरु गोमके की जयंती मई महीने में और अधिक धूमधाम से मनाई जाएगी. उन्होंने यह घोषणा भी की कि पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा के जीर्णोद्धार और शेड निर्माण का कार्य पंडित रघुनाथ मुर्मू की जयंती से पहले, यानी दो माह में पूरा किया जाएगा.
भाजपा नेताओं की उपस्थिति
इस अवसर पर भाजपा नेता जयराम मुर्मू, हीरालाल सतपथी, गरुप्रसाद महतो, हरेकृष्ण प्रधान, करमु चरण पान, मुखिया राजो टुडू, नामिता सोरेन, सागेन टुडू, विष्णु मुर्मू, ब्रजेश कुंटिया, मार्शल पूर्ति, रमेश पूर्ति, मानु मार्डी, उज्जवल मोदक सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।