उदित वाणी, कांड्रा: गम्हरिया के पूंजीडूंगरी, जगन्नाथपुर में आगामी 23 मार्च को जमशेदपुर के एग्रिको मैदान में शहीदों के सम्मान में आयोजित होने वाली 10वीं अखंड तिरंगा यात्रा की तैयारी हेतु एक बैठक आयोजित की गई।
नमन संस्था का राष्ट्रप्रेम का संदेश
बैठक में मुख्य रूप से नमन संस्था के संस्थापक सह कार्यक्रम के मुख्य आयोजक अमरप्रीत सिंह काले, गम्हरिया क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक, युवा और महिलाएँ उपस्थित रहीं। उन्होंने इस यात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए अपने सुझाव और सहयोग की प्रतिबद्धता जताई।
देश विरोधी नारों के प्रतिकार में हुई थी शुरुआत
स्मरणीय है कि वर्ष 2016 में दिल्ली के एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में देश विरोधी नारेबाजी के विरोध स्वरूप “नमन – शहीदों के सपनों को” संस्था का गठन किया गया था। तब से हर वर्ष 23 मार्च को अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस पर अखंड तिरंगा यात्रा निकाली जाती है। इस यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जागृत करना और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करना है।
गम्हरिया से भी होगी भव्य भागीदारी
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष गम्हरिया क्षेत्र से भी सैकड़ों देशभक्त इस यात्रा में शामिल होंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा, जो पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
अखंड तिरंगा यात्रा का यह 10वां संस्करण देशभक्ति की भावना को सशक्त करने का एक अनूठा प्रयास होगा, जिसमें पूरे झारखंड से लोग जुटेंगे और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।