
उदित वाणी, सरायकेला : सरायकेला जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासक गोपी कृष्ण के नेतृत्व में TOP चौक रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. अभियान का मुख्य लक्ष्य सड़क को जाम मुक्त कर आम लोगों को राहत पहुंचाना था.
प्रशासक गोपी कृष्ण ने बताया कि TOP चौक रोड पर लगातार जाम की शिकायतें मिल रही थीं. कपाली क्षेत्र में कई स्कूल और अस्पताल होने से मरीजों, छात्रों व आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाई हो रही थी. उन्होंने कहा कि पहले कई दुकानदारों को सड़क खाली रखने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन कुछ लोग सामान फैलाकर दुकान चला रहे थे. नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि आगे अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई होगी.
अभियान के दौरान कई दुकानदार नाराज नजर आए. आलू-प्याज दुकानदार मोहम्मद अख्तर ने कहा कि उनकी निजी दुकान होने पर भी बाहर सामान रखने से रोका गया. उन्होंने जोड़ा कि नगर परिषद द्वारा बनाए वेंडिंग जोन में अब कई दुकानदार व्यवसाय कर रहे हैं, जिससे TOP चौक का जाम कम हुआ है. वहीं, बुजुर्ग दुकानदार मोहम्मद कलीम अंसारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पेपर-नोटिस के नाम पर गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी छीनी जा रही है.
नगर परिषद के कर्मी अभियान में मौजूद रहे. प्रशासन ने दुकानदारों व नागरिकों से अपील की कि सड़क जाम मुक्त रखें और वेंडिंग जोन का उपयोग करें, ताकि शहर की यातायात सुचारु रहे.

