
उदित वाणी, चांडिल : अनुमंडल क्षेत्र के कपाली ओपी अंतर्गत गौरी घाट पर अवैध बालू कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है, जिससे बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है. शनिवार को की गई छापेमारी में पुलिस ने अवैध रूप से बालू का परिवहन करते हुए 02 बालू लदे ट्रैक्टर एवं 01 खाली ट्रैक्टर (लोडिंग के लिए तैनात) सहित कुल 03 ट्रैक्टर को जब्त किया. जब्त वाहनों के विरुद्ध अग्रतर कार्रवाई हेतु जिला खनन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां को पत्राचार किया गया है.

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व शुक्रवार को भी गौरी घाट से अवैध बालू ढुलाई करते हुए 01 बालू लदा ट्रैक्टर पकड़ा गया था. लगातार दो दिनों में हुई इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है.
कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि अवैध बालू कारोबार के विरुद्ध आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान एसआई मोहम्मद खुर्शीद आलम के साथ सिविल ड्रेस में ग्रामीणों की भांति मौके पर पहुंचकर बालू घाट की निगरानी की गई. पुलिस की इस सक्रिय और साहसिक कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है.

