
उदित वाणी, कांड्रा : कांड्रा स्थित एसकेजी कॉलोनी के लोगों में इन दिनों नाराजगी और निराशा दोनों चरम पर हैं. सरायकेला ग्लास वर्क्स द्वारा वर्ष 1993 में बसाई गई यह कॉलोनी, कंपनी बंद होने के बाद से लगातार उपेक्षा का शिकार बनी हुई है. तीन दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आज तक यहां पक्की सड़क नहीं बन पाई है.
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कॉलोनी में सड़क निर्माण की मांग कई बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखी गई, पर हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला. बारिश के दिनों में सड़कों पर कीचड़ और गड्ढों की वजह से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है. बच्चों का स्कूल जाना, बुजुर्गों का निकलना और वाहनों की आवाजाही बेहद मुश्किल हो जाती है.
कॉलोनीवासियों ने कहा कि अब वे अपनी समस्या को लेकर सांसद, विधायक और मुखिया तक पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं. जल्द ही सामूहिक आवेदन देकर सड़क निर्माण की मांग को तेज किया जाएगा. लोगों का कहना है कि यदि इस बार भी उनकी बात नहीं सुनी गई तो वे आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे.
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि कंपनी बंद होने के बाद कभी-कभार कुछ मरम्मत कार्य हुए जरूर हैं, मगर सड़क के नाम पर अब तक सिर्फ वादे ही मिले हैं. कॉलोनीवासियों ने जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि इस पुराने औद्योगिक क्षेत्र की स्थिति पर ध्यान दें और जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराएं ताकि यहां के परिवारों को राहत मिल सके.
