
उदित वाणी, सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरसा साई गांव में पॉक्सो एक्ट के तहत नामजद फरार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. लंबे समय से कानून की गिरफ्त से बाहर सुशील रमाडी के घर पर सोमवार को राजनगर पुलिस ने न्यायालय के आदेशानुसार इश्तेहार चस्पा कर दिया.
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कोर्ट के निर्देशों का विधिवत पालन किया. इश्तेहार में आरोपी को शीघ्र न्यायालय में उपस्थित होने का स्पष्ट आदेश दिया गया है. एसआई ने बताया कि आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिसके चलते यह कदम उठाया गया. निर्धारित समय के भीतर आत्मसमर्पण न करने पर संपत्ति कुर्की सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी जारी की गई है.
इस कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया है और तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं. पुलिस ने साफ लहजे में कहा कि कानून से भागने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. खासकर पॉक्सो जैसे गंभीर अपराधों में किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी. मामले की आगे की जांच जारी है.

