
उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां : जिला के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत रापचा पंचायत के मौजा पिंड्राबेड़ा में रविवार को जयराज नगर का नामकरण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में सांसद जोबा माझी शामिल हुई। सांसद ने जयराज नगर के नामकरण बोर्ड का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही सांसद ने नये ट्रांसफार्मर का भी उद्घाटन किया। मालूम हो कि सांसद के प्रयास से जयराज नगर में नया ट्रांसफार्मर एवं पोल गाड़े गये है। नामकरण कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने सांसद के समक्ष बस्ती के अंदर पक्की सड़क, आसपास के कंपनियों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण एवं अन्य समस्याओं के समाधान की अपील करते हुए ज्ञापन सौंपा। सांसद ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जयराज नगर का नामकरण केवल कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहे, बल्कि अंचल कार्यालय से समन्वय स्थापित करते हुए मान्यता प्राप्त करने का भी प्रयास होना चाहिए। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि अलग-अलग पार्ट में बस्ती में पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा अन्य समस्याओं का भी समाधान प्राथमिकता के आधार पर करेंगे। इस मौके पर जयराज नगर के लोगों ने सांसद को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में रापचा के पूर्व मुखिया जवाहरलाल महाली, झामुमो के जिला सचिव वैद्यनाथ टुडू, पश्चिम सिंहभूम झामुमो के जिला सचिव राहुल आदित्य, समाजसेवी कालीपद सोरेन, जयराज नगर विकास समिति के रामजी सिंहदेव, सुग्रीव मुखी, विजय कुमार, आसीत आचार्य, गोपाल सिंह, अजय लाल, रत्नेश दुबे, विशेश्वर महाली, दिनेश महतो, दीपांकर पटनायक, मुनी पांडेय, कार्तिक महतो, संजीव प्रधान, राजेश महाली, जितेंद्र प्रमाणिक समेत अन्य उपस्थित रहे।


