
उदित वाणी, सरायकेला: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला की अध्यक्षता में समावेशी मतदान को लेकर जिलास्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया. बैठक में सभी वर्गों, विशेषकर दिव्यांग मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ.
उपायुक्त ने कहा कि विशेष अभियान चलाकर उन सभी दिव्यांग मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा, जो अब तक छूट गए हैं. इसके लिए विधानसभावार डोर-टू-डोर सर्वे कराया जाएगा. साथ ही पहले से पंजीकृत उन मतदाताओं को भी सूची में चिह्नित किया जाएगा, जिनकी दिव्यांगता की जानकारी दर्ज नहीं है. इसके लिए प्रपत्र-8 के माध्यम से संशोधन किया जाएगा.
डिस्ट्रिक्ट आइकन बनेंगे दिव्यांग प्रतिनिधि
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि दिव्यांग मतदाताओं की पहचान कर ‘डिस्ट्रिक्ट आइकन’ के लिए प्रस्ताव निर्वाचन शाखा को भेजा जाए. साथ ही उन स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs और CSOs) की सूची भी उपलब्ध कराई जाए, जो दिव्यांगों के लिए कार्य कर रही हैं. इन संस्थाओं की मदद से पंजीकरण व जागरूकता कार्यक्रमों को गति दी जाएगी.
बीएलओ और सुपरवाइज़र करेंगे लगातार समीक्षा
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी इआरओ और एईआरओ को निर्देश दिया कि डोर-टू-डोर सर्वेक्षण के माध्यम से शत-प्रतिशत दिव्यांग मतदाताओं की पहचान कर उन्हें सूची में जोड़ा जाए. इसके अलावा उन्हें मतदान प्रक्रिया, दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं और मतदान केंद्र तक पहुंच के उपायों की जानकारी भी दी जाए.
प्रत्येक माह बीएलओ और उनके सुपरवाइज़र के साथ दो बार बैठक कर मतदान केंद्रवार गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी. अन्य संबंधित विभागों को भी अपने स्तर से सहयोग कर दिव्यांग मतदाताओं की पहचान और नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
बैठक में मौजूद रहे ये अधिकारी
इस अवसर पर अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला कल्याण पदाधिकारी गोपी उरांव, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, नगर पंचायत सरायकेला के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

