
उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (DLCC) की बैठक आयोजित हुई. इस दौरान बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं पर गहन चर्चा की गई. क्रेडिट-डेबिट अनुपात, कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), पीएमईजीपी, मुद्रा योजना, एमएसएमई, स्वयं सहायता समूह, प्रधानमंत्री बीमा योजनाएं और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन जैसे कार्यक्रमों की समीक्षा की गई.

बैंकों को स्पष्ट निर्देश: सभी लाभुकों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
उपायुक्त ने बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का निष्पादन तय लक्ष्यों के अनुरूप हो. उन्होंने राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करने पर बल दिया. उपायुक्त ने कहा कि हर पात्र लाभुक तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है.
शिक्षा ऋण पर भी विशेष ध्यान, अस्वीकृत आवेदनों की जानकारी जरूरी
बैठक में निर्देश दिया गया कि शिक्षा ऋण से जुड़े सभी पात्र आवेदनों का समय पर निष्पादन हो. किसी भी योजना के अंतर्गत आवेदन को बिना ठोस कारण के अस्वीकार न किया जाए. यदि कोई आवेदन अस्वीकृत किया जाता है, तो उसका स्पष्ट कारण बताते हुए लाभुक को समय पर सूचित किया जाए.
बैंकिंग प्रणाली बनें पारदर्शी और जनोन्मुखी: उपायुक्त
उपायुक्त ने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था जनता के विश्वास पर आधारित है. सभी बैंककर्मियों को सहयोगपूर्ण और संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए. जनसमस्याओं का त्वरित और नियमबद्ध समाधान सुनिश्चित करना आवश्यक है. योजनाओं के क्रियान्वयन में भेदभाव या अभद्र व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होगा.
बैठक में अनेक विभागीय अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक वरुण चौधरी, DDM नाबार्ड, DM-GIC, जिला कृषि पदाधिकारी, सहायक निदेशक आरसेटी समेत विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे.

