
उदित वाणी, चांडिल : अनुमंडल के चौका थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. सशस्त्र सीमा बल 26वीं बटालियन, कैंप मातकमडीह के सशस्त्र बलों के सहयोग से हेसाकोंचा पंचायत अंतर्गत ग्राम मुटुदा के आसपास के जंगली व पहाड़ी इलाकों में शनिवार को खेतों का भौतिक निरीक्षण एवं ड्रोन सर्वेक्षण किया गया. सत्यापन के दौरान पाया गया कि कुछ खेतों में सरसों, मटर, आलू एवं चना की वैध खेती की जा रही है, जबकि अधिकांश भूमि पर किसी प्रकार की खेती नहीं पाई गई. निरीक्षण के दौरान अफीम की खेती के कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले.

इसके उपरांत ग्राम मुटुदा में चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार की उपस्थिति में ग्रामीणों को अवैध अफीम की खेती से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और इसे न करने की अपील की गई. साथ ही वैकल्पिक आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों के बीच चना, गेहूं, सरसों एवं मटर के बीज का वितरण किया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.

