
उदित वाणी, कांड्रा : छठ महापर्व की पूर्व संध्या पर शनिवार शाम कांड्रा बांध घाट, बड़ा झुडिया लाहकोठी स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट पर बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया. समाजसेवी डॉ. योगेन्द्र प्रसाद, भरत प्रसाद गुप्ता सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं और कांड्रा वासियों के सहयोग से कार्यक्रम संपन्न हुआ.
जमशेदपुर से आए पंडितों व पुजारियों ने वेद मंत्रों के साथ मां गंगा की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की. आयोजकों के अनुसार, यह पहली बार है जब कांड्रा में इस स्तर की गंगा आरती का आयोजन हुआ. श्रद्धालुओं की उपस्थिति और उत्साह को देखते हुए तय हुआ कि अब हर वर्ष नहाय-खाय के दिन यह आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा.

छठ व्रतियों की सहूलियत के लिए हरीश चंद्र बांध झुडिया घाट लाहकोठी की ओर से कांड्रा बस स्टैंड से बस और टेंपो सेवा उपलब्ध कराई गई. इस आयोजन के माध्यम से जल के महत्व और छठ पर्व की पवित्रता का संदेश दिया गया.
मौके पर डॉ. जोगेंद्र प्रसाद महतो, झामुमो नेता राम महतो, सामाजिक कार्यकर्ता चन्दन दे, सोनम सिंह, पूर्व उपमुखिया सुबोध सिंह, दुर्गा अग्रवाल, आनंद वाष्र्णेय और एसके सिंह समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.

