
उदित वाणी, सरायकेला : चांडिल अनुमंडल के नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है. ग्रामीणों में भय का माहौल है और लगातार फसलों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आ रही हैं. गुरुवार को हूंडरू पाथरडीह गांव के कंका सिंह उर्फ कोकिल सिंह पर हाथी ने जानलेवा हमला कर दिया.
ग्रामीण पर हाथी का हमला
शौच के लिए घर से बाहर निकले कोकिल सिंह पर अचानक सामने आए जंगली हाथी ने सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया. वे गंभीर रूप से घायल हो गए. ग्रामीणों ने हाथी को खदेड़ा और घायल को अस्पताल पहुंचाया. इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है.
16 हाथियों ने फसलें तबाह कीं
इधर रघुनाथपुर गांव के बड़डीह टोला में 16 जंगली हाथियों के झुंड ने धान, सब्जी, केला, आलू समेत फसलों को चावल और रौंदकर बर्बाद कर दिया. दर्जनों किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. ग्रामीण रात में घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं.
वन विभाग से मांगें
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने, उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने, किसानों को मुआवजा और घायल का समुचित इलाज कराने की मांग की है.

