
उदित वाणी, आदित्यपुर : विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिला में स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ी क्रांति की शुरुआत हुई है. आरएसबी फाउंडेशन द्वारा ‘प्रोजेक्ट सम्भावी’ के तहत आज ‘कैंसर स्क्रीनिंग ऑन व्हील्स’ सेवा का औपचारिक उद्घाटन किया गया. यह मोबाइल यूनिट अब दूर_दराज के ग्रामीण इलाकों में जाकर आम लोगों के कैंसर की जांच करेगी और कैंसर जैसी घातक बीमारी के प्रति उन्हें जागरूक बनाने का काम भी करेगा. आरएसबी ट्रांसमिशन्स (इंडिया) लिमिटेड, यूनिट-1 के परिसर में इस मोबाइल यूनिट का शुभारंभ आरएसबी ग्रुप के उपाध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक एस के बेहरा तथा हेड (सीएसआर) प्रियंका बेहरा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया. यह परियोजना कॉर्पोरेट जगत और स्वास्थ्य संस्थानों के बीच सफल समन्वय की एक मिसाल है. इसे आरएसबी फाउंडेशन, टाटा स्टील फाउंडेशन, मेहरबाई टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल और रोटरी क्लब के आपसी सहयोग से धरातल पर उतारा गया है.
प्रारंभिक जांच से बचेगा जीवन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशेषज्ञों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जानकारी और संसाधनों के अभाव में कैंसर का पता अंतिम चरणों में चलता है, जिससे इलाज कठिन हो जाता है. ‘कैंसर स्क्रीनिंग ऑन व्हील्स’ का मुख्य उद्देश्य: कैंसर के लक्षणों की प्रारंभिक स्तर पर पहचान करना और उन लोगों तक पहुँचना है, जो अस्पताल तक आने में असमर्थ हैं. साथ हीं ग्रामीण समुदायों के बीच इस बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का काम भी होगा. इस अवसर पर प्रमुख रुप से उपस्थित जया सिंह, सचीकांत त्रिपाठी, अमिताभ चटर्जी (प्रशासनिक प्रमुख, एमटीएमएच), डॉ सुजाता मित्रा (वाइस चेयरपर्सन, जमशेदपुर कैंसर सोसाइटी), अशोक झा (अध्यक्ष, रोटरी क्लब), अभिजीत मित्रा, कमल अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने इस पहल की सराहना की.
“सेवा में विनम्रता” का मूल मंत्र
आरएसबी फाउंडेशन अपनी प्रतिबद्धता “सेवा में विनम्रता” के तहत पहले भी शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रिय रहा है. प्रोजेक्ट सम्भावी के माध्यम से अब यह फाउंडेशन कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ जंग को सीधे गाँवों के आंगन तक ले गया है.

