
उदित वाणी, जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां ज़िले के मुसरीकुदर इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने अरका जैन विश्वविद्यालय के छात्रों को गहरे सदमे में डाल दिया. बीबीए के पांचवें सेमेस्टर में पढ़ने वाले दो छात्र—रोहन महतो और आदर्श शर्मा—कॉलेज से छुट्टी के बाद गम्हरिया से अपने किराए के कमरे की ओर लौट रहे थे, जब तेज रफ्तार बाइक मुसरीकुदर के मोड़ पर फिसल गई और दोनों सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए. आसपास मौजूद लोगों और विश्वविद्यालय के स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया. हालांकि, डॉक्टरों ने रोहन महतो को मृत घोषित कर दिया, जबकि आदर्श शर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है.

दोनों छात्र पूर्वी सिंहभूम ज़िले के घाटशिला इलाके के रहने वाले थे और अरका जैन यूनिवर्सिटी, गम्हरिया में अध्ययनरत थे. घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षक और साथी छात्र अस्पताल पहुंच गए. विश्वविद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई है और बुधवार को कक्षाएं स्थगित कर दी गईं.
इधर, गम्हरिया थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक अनुमान है कि बाइक की तेज रफ्तार और सड़क पर फिसलन हादसे की वजह बनी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर मामले की तहकीकात कर रही है.
रोहन की असमय मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया है. आदर्श के बेहतर स्वास्थ्य की कामना पूरे विश्वविद्यालय परिसर में की जा रही है.

