
उदित वाणी, कोलाबीरा : आदिवासी बचाव संघर्ष समिति के सदस्यों ने गुरुवार को दिंदली बस्ती, आदित्यपुर में एक बैठक आयोजित की, जिसकी अध्यक्षता संयोजक राम हांसदा ने की. बैठक में अतिक्रमण के नाम पर हटाए गए राजा मिंज नामक आदिवासी परिवार के पुनर्वास सहित अन्य जनसमस्याओं को लेकर आगामी आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की गई.
बैठक में निर्णय लिया गया कि शुक्रवार, 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आदित्यपुर स्थित आवास बोर्ड कार्यालय के समक्ष घेराव सह धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. समिति के सदस्यों ने कहा कि जब तक हटाए गए आदिवासी परिवार को उचित पुनर्वास नहीं दिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा.
संयोजक राम हांसदा ने बताया कि धरना-प्रदर्शन की लिखित सूचना जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और आवास बोर्ड के अधिकारियों को दी जा चुकी है. समिति ने सभी समुदायों से कार्यक्रम में शामिल होकर आदिवासी परिवार के समर्थन में आवाज़ बुलंद करने की अपील की है.

