
उदित वाणी, सरायकेला : आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (ABP) के तहत नीति आयोग द्वारा सरायकेला-खरसावां जिले के लिए नामित केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी एवं पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के निदेशक श्री विकास सिंह ने बुधवार को सरायकेला एवं गम्हरिया प्रखंड का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न पंचायतों व संस्थानों का निरीक्षण करते हुए विकासात्मक गतिविधियों की स्थिति का जायजा लिया.
निरीक्षण के क्रम में श्री सिंह ने सरायकेला प्रखंड परिसर स्थित मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई, पथनमारा पंचायत के धोबाडीह ग्राम में आंगनवाड़ी केंद्र, इटाकुदर पंचायत के बुंडू ग्राम स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, तीतीरबिला पंचायत के राजकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र के साथ-साथ गम्हरिया प्रखंड के बिरबांश पंचायत भवन एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बिरबांश का स्थलीय निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई में पशु उपचार व टीकाकरण की व्यवस्था, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण व शिक्षा की स्थिति, आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, पशु प्रजनन प्रक्षेत्र की कार्यशीलता तथा पंचायत भवन व विद्यालयों में स्वच्छता, उपस्थिति व आधारभूत संरचना की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की.
केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पशुपालन, स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा से जुड़ी सभी सेवाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे. उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों व स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, नियमित उपस्थिति एवं सेवा गुणवत्ता बनाए रखने, मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों की सेवाओं को सशक्त करने तथा शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षण कार्य की निरंतरता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया.
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार, उद्योग विभाग के श्री रोहित कुमार सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.

