
उदित वाणी, रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 10 जून 2025 को दो दिवसीय दौरे पर देवघर आने वाली हैं. उनके आगमन को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव अलका तिवारी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में राष्ट्रपति के स्वागत, सुरक्षा, सुविधा और आयोजन को भव्य व सुव्यवस्थित बनाने पर विशेष बल दिया गया.
मंदिर दर्शन और एम्स दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति बैद्यनाथधाम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी और साथ ही एम्स, देवघर के प्रथम दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी. इन दोनों कार्यक्रमों के सुचारु संचालन हेतु सभी विभागों को अलग-अलग ज़िम्मेदारियाँ दी गई हैं.
प्रशासन को हर व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने का निर्देश
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रपति के आगमन को हर दृष्टिकोण से स्मरणीय बनाया जाए. उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में किसी प्रकार की असुविधा या कमी न हो, इसके लिए बिजली व्यवस्था, सड़क सफाई, मार्ग के लैंप पोस्ट और अन्य अवसंरचनात्मक बिंदुओं पर विशेष ध्यान देना होगा.
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी
बैठक में डीजीपी अनुराग गुप्ता ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति की सुरक्षा चार आईपीएस अधिकारियों के नेतृत्व में सुनिश्चित की जाएगी. इस दल में स्पेशल ब्रांच और खुफिया ब्यूरो (IB) के अधिकारी भी शामिल रहेंगे. नोडल पदाधिकारी के रूप में वाणिज्य कर सचिव श्री अमिताभ कौशल को नियुक्त किया गया है.
स्वागत और मंच व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा
बैठक में राष्ट्रपति के कार्यक्रमों से संबंधित हर छोटे-बड़े पहलू पर विस्तृत चर्चा की गई. इसमें शामिल हैं:
एयरपोर्ट, मंदिर और एम्स में रेड कार्पेट स्वागत
बुके, राष्ट्रीय गान, आउट राइडर्स और कारकेड की व्यवस्था
फोटोग्राफरों के लिए खुले वाहन
बैगेज वैन और छाता आदि की तैयारी
मंच से संबोधित करनेवाले महानुभावों की सूची
ध्वनि विस्तारक यंत्र और मंच सज्जा की व्यवस्था
अतिथियों के ठहराव और सुविधा का भी रखा गया ध्यान
राष्ट्रपति के साथ आए लोगों के आवास, भोजन, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, शौचालय और अग्निशमन जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई. मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियां निर्धारित समय के भीतर पूर्ण करनी होंगी ताकि राष्ट्रपति का देवघर दौरा अनुकरणीय और भव्य रूप से संपन्न हो सके.

