
उदित वाणी, रांची : वक्फ संशोधित कानून में धार्मिक मामलों में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं किया गया है. केवल कानून के दुरुपयोग को रोकने की दिशा में संशोधन किया गया हैं. संशोधित वक्फ कानून गरीब मुसलमानों के हित में है और इस कानून से अब करोड़ों मुस्लिमों को लाभ होगा. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता पूर्व राज्यसभा सांसद जफर इस्लाम ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही. उन्होंने कहा कि वक्फ में मुस्लिम समाज के लोग गरीबों के कल्याण के लिए दान देते हैं. लेकिन चंद लोग उसपर मनमानी करते हुए उसका या तो निजी उपयोग करते हैं या फिर औने पौने दाम पर करोड़ों की संपत्ति को लीज में दे देते हैं. जिसके कारण जो लाभ समाज को मिलना चाहिए था वह नहीं मिल पा रहा है.
उन्होंने कहा कि जितनी संपत्ति वक्फ के पास है. उससे करोड़ों गरीब मुसलमानों तक स्कूल, अस्पताल, कॉलेज व यूनिवर्सिटी की सुविधा पहुंचाई जा सकती है. लेकिन इस दिशा में कांग्रेस के शासनकाल में कोई सार्थक प्रयास नहीं किया गया. अब मोदी सरकार ने इस दिशा में कानून के माध्यम से पहल की है. उन्होंने वक्फ संपत्ति के प्रबंधन में गैर मुस्लिम को शामिल किये जाने को भी सही ठहराया. उन्होंने कहा कि योग्य लोगों की सहायता से वक्फ संपत्ति का प्रबंधन ठीक होगा. आय में कई गुना वृद्धि होगी. जिसका फायदा समाज को मिलेगा. धार्मिक मामले तो मुस्लिम समाज के लोग ही देखेंगे.
यही वजह है कि न्यायालय ने भी नए कानून को सही ठहराते हुए केवल कुछ जानकारियां मांगी है. जफर इस्लाम ने कहा कि कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी भले ही शायरी के माध्यम से शब्दों का खेल खेल रहे हैं. लेकिन संशोधित वक्फ कानून का विरोध कर मुस्लिम समाज का भला नहीं कर सकते हैं. उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि इस पार्टी ने 60 बर्षों तक अपने शासन काल में मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक समझा और आज भी ऐसा ही समझ रही है. जबकि कांग्रेस पार्टी के दुष्प्रचार और विरोध के बावजूद यह संसद के दोनों सदनों में लोकतांत्रिक तरीके से पारित कराया गया और राष्ट्रपति के हस्ताक्षर से बना यह कानून गरीब मुस्लिम समाज के चेहरों पर मुस्कान लाने वाला है.
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सबका साथ सबका विकास में विश्वास करती है. भाजपा किसी का तुष्टिकरण नहीं करती. जो जरूरतमंद हैं. उन तक योजनाओं का लाभ पहुंचे यह मोदी सरकार की सोच है और योजनाएं बिना भेदभाव के मुस्लिम समाज तक पहुंच रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब मुस्लिम समाज को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना चाहते हैं. इसलिए धार्मिक मामलों में बिना हस्तक्षेप किये समाज के हित में कानून बनाया गया है. कांग्रेस पार्टी को लोगों को गुमराह करने से बाज आना चाहिए.

