
उदित वाणी, रांची : संसद में पारित वक्फ कानून के विरोध में 22 जून रविवार को राजधानी रांची के बरियातू मैदान में अल्पसंख्यक कांग्रेस द्वारा बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. अल्पसंख्यक कांग्रेस के इस कार्यक्रम को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगड़ी बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करेंगे. कार्यक्रम की तैयारी को लेकर अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जीनल गाला और प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा वक्फ कानून मुसलमानों को परेशान करने के लिए लाया गया है. भाजपा की मानसिकता अल्पसंख्यकों की जमीनें हड़पने की है. भाजपा मुसलमानों के खिलाफ हमेशा राजनीति करती रही है.
लेकिन अल्पसंख्यक कांग्रेस द्वारा ऐसा होने नहीं दिया जायेगा. वक्फ कानून के विरोध में हमलोग सड़क से लेकर संसद तक लड़ेंगे. भाजपा की सरकार ने जिस तरह कृषि पर तीन काले कानून संसद में पारित की थी. लेकिन कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में विपक्ष व किसानों के जबरदस्त आंदोलन के बाद केंद्र सरकार को कृषि कानून को वापस लेना पड़ा. उसी तरह वक्फ कानून को भी केंद्र सरकार को हर हाल मे वापस लेना होगा. झारखंड ही नहीं पूरे देश के मुसलमान इस कानून के खिलाफ हैं. झारखंड में होने वाला विरोध प्रदर्शन पूरे देश के लिए एक मिसाल बनने वाला है.

