उदित वाणी, रांची: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रांची रेल मंडल ने एक अनोखी पहल की शुरुआत की है. इस दिन को खास बनाने के लिए, दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल ने एक विशेष ट्रेन चलाई है, जिसमें ड्राइवर, टीटीई, आरपीएफ से लेकर गार्ड तक सभी कर्मचारी महिलाएं हैं.
यह ट्रेन रांची से टोरी तक चलाई गई, जिसमें लगभग 15 महिला कर्मचारी तैनात हैं. रांची-टोरी मेमू पैसेंजर सुबह 8.55 बजे रांची रेलवे स्टेशन के लोहरदगा प्लेटफार्म से रवाना हुई. इस ट्रेन की लोको पायलट महिला थीं और महिला गार्ड ने ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाई.
महिला सशक्तिकरण के लिए रांची रेल मंडल का योगदान
इस पहल के बारे में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक और सीपीआरओ निशांत कुमार ने कहा, “रांची रेल मंडल महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और इस ट्रेन में लोको पायलट, गार्ड, टीसी और सभी कर्मचारी महिलाएं हैं. हम समाज को यह सकारात्मक संदेश देना चाहते हैं कि रेलवे सहित सभी क्षेत्रों में महिलाएं आगे आ रही हैं.”
महिला दिवस के महत्व पर जोर
वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रेया सिंह ने भी महिला दिवस पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, “केवल आज का दिन नहीं, हर दिन महिला दिवस है. महिलाएं कुछ भी कर सकती हैं, वे किसी से कम नहीं हैं. वे यह साबित करती रही हैं और भविष्य में भी करती रहेंगी.” उन्होंने कार्यकाजी महिलाओं और गृहणियों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें, क्योंकि उनके लिए यह एक अहम संदेश है.
महिला कर्मचारियों द्वारा विभिन्न कार्यों का संचालन
रांची रेल मंडल ने पिछले कई वर्षों से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर ट्रेन संचालन की जिम्मेदारी महिला कर्मियों को सौंपा है. इस वर्ष भी यह व्यवस्था जारी रखी गई है. इसके अलावा, रांची रेलवे स्टेशन पर भी महिला कर्मियों द्वारा सभी कार्यों का संचालन किया जा रहा है. इनमें ट्रेन परिचालन, बुकिंग, यांत्रिक विभाग, चिकित्सा विभाग, सफाई कर्मी और समपार फाटक जैसी कई जिम्मेदारियां शामिल हैं.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।