
उदित वाणी, रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा [झामुमो] के संस्थापक राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल के आइसीयू में इलाजरत हैं. डॉक्टरों के अनुसार उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ है और इस वजह से उनके शरीर के बाईं ओर पैरालिसिस हो गया है. अस्पताल में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के बिशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. ज्ञात हो कि 81 बर्षीय गुरुजी लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं और एक साल से डायलिसिस पर हैं. वे डायबिटीज से पीड़ित हैं और हार्ट की बाइपास सर्जरी भी हो चुकी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत परिवार के अन्य सदस्य भी गुरुजी की तबीयत को लेकर दिल्ली में ही कैंप कर रहे हैं.
मालूम हो कि गुरूजी को रुटीन चेकअप के लिए दिल्ली ले जाया गया था और सर गंगाराम अस्पताल में ही उनकी तबीयत बिगड़ी. वहां गुरूजी पिछले चार दिनों से वेंटिलेटर पर हैं. गुरुवार को ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी सर गंगाराम अस्पताल में जाकर शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी. इसके पहले राज्यपाल संतोष गंगवार भी अस्पताल जाकर गुरुजी से मुलाकात की थी. झामुमो के प्रवक्ता मनोज पांडेय के अनुसार दिशोम गुरु शिबू सोरेन की हालत थोड़ी चिंताजनक है. उन्होंने बताया कि गुरुजी शिबू सोरेन की तबीयत स्थिर है. उसमें न तो कोई गिरावट आई है और न ही कोई सुधार हुआ है. सभी लोग ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन जल्द स्वस्थ होकर झारखंड लौटें. गुरूजी के स्वास्थ्य में सुधार के लिए चादरपोशी भी गई और कार्यकर्ताओं द्वारा गुरूजी की स्वास्थ्य की जानकारी देने के लिए नियमित मेडिकल बुलेटिन जारी करने की मांग की गई है.
गुरुजी की तबीयत खराब होने की वजह से रांची के ऐतिहासिक रथ यात्रा में शामिल नहीं हो पाये सीएम हेमंत
गुरुजी की तबीयत को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को रांची नहीं आ सके. उन्हें राजधानी रांची के ऐतिहासिक रथ यात्रा में शामिल होना था. मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल के माध्यम से कहा कि आज महाप्रभु भगवान जगन्नाथ जी की रथयात्रा का ऐतिहासिक और पावन महापर्व है. हर साल मैं वहां उपस्थित होता था. लेकिन इस साल अभी बाबा दिशोम गुरुजी अस्वस्थ हैं. इसलिए मैं रथयात्रा में शामिल नहीं हो पाया. भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूँ कि गुरुजी जल्द से जल्द स्वस्थ होकर हम सभी के बीच आएं और हमेशा की तरह अपना आशीर्वाद बनाएं रखें. भगवान जगन्नाथ सभी का कल्याण करें. वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी चिंता व्यक्त करते हुए गुरूजी के शीघ्र स्वास्थ्य होने की कामना की.
