
उदित वाणी, रांची : राजधानी रांची स्थित सदर अस्पताल ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है. आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के सफल क्रियान्वयन में यह अस्पताल पूरे देश में प्रथम स्थान पर रहा. यह न केवल झारखंड के स्वास्थ्य तंत्र की क्षमता का प्रतीक है, बल्कि अस्पताल ने पूरे देश के लिए एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है कि सरकारी संस्थान भी प्रतिबद्धता और दक्षता से कार्य कर बेहतरीन परिणाम दे सकते हैं.
रांची सदर अस्पताल ने आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क और समावेशी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावशाली क्रियान्वयन में सभी जिला अस्पतालों को पीछे छोड़ दिया है. जबकि मेडिकल कॉलेजों और अन्य सरकारी संस्थानों की श्रेणी में भी इसे चौथा स्थान प्राप्त हुआ है. यह अस्पताल की सेवा, गुणवत्ता, दक्षता और व्यवस्था की व्यापक सराहना का प्रमाण है. इस योजना के अंतर्गत अब तक 2 लाख से अधिक आयुष्मान कार्डधारी मरीजों को निःशुल्क इलाज और समुचित चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा चुकी है.
चाहे सामान्य बीमारियां हों या जटिल ऑपरेशन, मरीजों को किसी भी प्रकार का आर्थिक बोझ उठाए बिना इलाज की सुविधा मिली है. अस्पताल में हृदय रोग, श्वसन तंत्र, नेत्र रोग, मूत्ररोग, अस्थि एवं जोड़ प्रत्यारोपण जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू की गई है.
