
उदित वाणी, रांची : राजधानी को संवारने में जुटी हेमंत सरकार ने यातायात को सुगम बनाने के लिए जल्द ही और पांच फलाईओवर की सौगात देने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है. पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार के नेतृत्व में परामर्शी एजेंसियों, फील्ड सर्वे डिवीजन और एडवांस प्लानिंग सीडीओ ने इन योजनाओं का खाका तैयार किया है. बुधवार को थ्री-डी प्रस्तुतिकरण के माध्यम से परियोजनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया. इसके बाद अधिकारियों ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट जल्द तैयार करने का निर्देश दिया है. इन परियोजनाओं के तहत स्वर्णरेखा और हरमू नदी के किनारे विकसित रिवर फ्रंट को पर्यटन और सौंदर्य का केंद्र भी बनाने का प्रस्ताव है.
प्रस्तावित योजना के अनुसार रांची के अरगोड़ा चौक से चापू टोली तक 1.75 किलोमीटर लंबा फ्लाइओवर बनाया जाएगा. इस फ्लाईओवर की चौड़ाई 10 मीटर होगी. इसके अलावा हरमू कार्तिक उरांव चौक से सूचना भवन के पास एलपीएन शाहदेव चौक तक लगभग तीन किलोमीटर लंबा वन-वे फ्लाइओवर बनाया जाएगा. करमटोली चौक से मोराहाबादी होते हुए साइंस सिटी तक 2.2 किलोमीटर लंबा फ्लाइओवर बनाया जाएगा. इस फ्लाइओवर की चौड़ाई भी 10 मीटर होगी. स्वर्णरेखा नदी के रिवर फ्रंट डेवलपमेंट के तहत नदी के दोनों किनारों पर वन-वे फ्लाइओवर बनाए जायेंगे.
हीनू ढलान के पास होटल एमराल्ड पर गोलंबर बनेगा. जहां से दाहिनी ओर मेकन रोड गार्डन, डीपीएस स्कूल के पीछे जगन्नाथपुर मंदिर तक फ्लाइओवर बनाया जायेगा. इसकी लंबाई लगभग आठ किलोमीटर होगी. हरमू मुक्तिधाम से रेडिसन ब्लू तक हरमू नदी के दोनों किनारों पर 2.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वन-वे फ्लाइओवर बनाया जाएगा.

