
उदित वाणी, रांची : बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची से संचालित कई प्रमुख उड़ानें आज रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा. एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार कोलकाता, बेंगलुरु और दिल्ली रूट की कुल पांच उड़ानें परिचालन कारणों से निरस्त रहीं.
रांची एयरपोर्ट के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से दी गई जानकारी के मुताबिक आज रद्द की गई उड़ानों में इंडिगो की तीन कोलकाता–रांची–कोलकाता (CCU–IXR–CCU) सेक्टर की उड़ानें शामिल हैं. इनमें उड़ान संख्या 6E 7561/7562, 6E 7089/7014 तथा 6E 7674/7235 शामिल हैं. इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु–रांची–बेंगलुरु (BLR–IXR–BLR) उड़ान संख्या IX 1239/1248 और दिल्ली–रांची–दिल्ली (DEL–IXR–DEL) उड़ान संख्या IX 1046/1047 भी रद्द कर दी गई.
उड़ानों के अचानक रद्द होने से यात्रियों को खासा परेशानी झेलनी पड़ी. कई यात्री सुबह से ही एयरपोर्ट पर इंतजार करते नजर आए. एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से संबंधित एयरलाइंस से संपर्क कर ताजा अपडेट लेने की अपील की है.
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके.

