
उदित वाणी, रांची : भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव ने समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे की पुलवामा हमले को लेकर दिए बयान पर कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को शर्म आनी चाहिए. उन्होंने सपा सांसद को नसीहत दी है कि वे पाकिस्तान चले जाएं.
रांची में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता ने कहा कि सपा सांसद राष्ट्रहित के मुद्दे पर राजनीति करते हैं. पुलवामा में जो हमला हुआ, उसमें हमारे सीआरपीएफ के दर्जनों जवान शहीद हुए थे. अगर ये पाकिस्तान का कोई सांसद बोलता तो समझ में आता, लेकिन ये भारत के सांसद बोल रहे हैं और इनके बयानों को पाकिस्तान किस तरीके से प्रस्तुत करेगा, इनको इसका भी अहसास नहीं होता. प्रधानमंत्री तो देश का स्वाभिमान होता है, सपा जैसे सांसदों को अगर देश और देश का प्रधानमंत्री पसंद नहीं, तो ऐसे में चले जाएं पाकिस्तान, वहीं इनको ज्यादा इज्जत मिलेगी.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अयोध्या श्री राम मंदिर के दर्शन करने पर उन्होंने कहा कि रामलला हमारे जीवन काल में अयोध्या में विराजमान होंगे, कभी किसी ने सोचा नहीं था. सुप्रीम कोर्ट में नियमित सुनवाई के बाद राम लला के भव्य मंदिर का सपना साकार हुआ. श्री राम मंदिर ट्रस्ट बना, भव्य राम मंदिर बना. आज रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ है. 500 साल पहले आक्रांताओं ने जिस निशानी को मिटाने की कोशिश की थी, आज भव्य रूप से पूरा विश्व देख रहा है. यह हमारी सनातन की अटूट परंपरा है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बंगाल को लेकर दिए बयान पर भाजपा नेता ने कहा कि बांग्लादेश के साथ जो हमारा फेंस है और जो बॉर्डर है, उसमें पूरी फेंसिंग हो चुकी है. पश्चिम बंगाल में सिर्फ कुछ किलोमीटर फेंस बाकी है, वो बचा हुआ है. राज्य सरकार की जिम्मेदारी होती है कि वो जमीन को अधिकृत करके केंद्र सरकार को दे, ताकि वो फेंसिंग लगा सके. लेकिन दीदी और घुसपैठियों का रिश्ता पता नहीं क्या कहलाता है. दीदी वो जगह ही नहीं दे रही हैं. ऐसा लगता है कि दीदी चाहती हैं कि ये घुसपैठिए आएं. मुझे लगता है कि ममता बनर्जी को समझना चाहिए कि राष्ट्रहित सर्वोपरि होता है, उसके बाद ही कुछ और होता है.
उन्होंने कहा कि अगर बंगाल सरकार फेंसिंग के लिए जमीन नहीं दे रही है तो कहीं न कहीं राष्ट्र का अहित कर रही है.
(आईएएनएस)

