
उदित वाणी, रांची : केन्द्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी गुरूवार को बहुप्रतीक्षित नवनिर्मित रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे. गडकरी के तीन जुलाई को झारखंड दौरे का कार्यक्रम राज्य सरकार को भेज दिया गया है. गडकरी गुरूवार को बिशेष विमान से पूर्वाहन 10.45 बजे रांची आयेंगे तथा एयरपोर्ट से ही गडकरी हेलीकॉप्टर से पहले गढ़वा जायेंगे. केन्द्रीय मंत्री वहां पूर्वाहन 11.30 बजे एनएचएआई द्वारा निर्मित संखा से खजुरी फॉरलेन सड़क का उद्घाटन करेंगे. 22 किलोमीटर इस सड़क के निर्माण पर लगभग 1100 रुपए खर्च किया गया है.
इस सड़क के माध्यम से झारखंड से छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश जाने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. गढ़वा से लौट कर नितिन गडकरी फिर रांची आयेंगे और अपराहन साढ़े तीन बजे रातू रोड ओटीसी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे और पिस्का मोड़ से राजभवन तक नव निर्मित फ्लाई ओवर का उद्घाटन करेंगे. इस फ्लाई ओवर के चालू होने के बाद रातू रोड में लगनेवाली जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी. गढ़वा की संखा से खजुरी तक नव निर्मित सड़क और रातू रोड फ्लाई ओवर के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है.
इधर रक्षा राज्यमंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि 558 करोड़ रूपये की लागत से इस एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया गया है. प्रेसवार्ता में रांची के विधायक सीपी सिंह व हटिया के विधायक नवीन जायसवाल भी उपस्थित थे. इस अवसर पर तीनों नेताओं ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दी गई इस सौगात के लोकार्पण के अवसर पर केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी का ऐतिहासिक अभिनंदन करें. वहीं उन्होंने झारखंड में कथित नगर निकायों में पांच प्रतिशत विद्युत सरचार्ज लगाने के प्रस्ताव पर कड़ा हमला बोला है और कहा कि पांच फ़ीसदी विद्युत सरचार्ज का प्रस्ताव तैयार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
झारखंड में तो ऐसा लग रहा है कि जैसे सरकार नगर निकायों के माध्यम से सिर्फ वसूली की मुहिम चला रही है. एक तरफ नगर निकायों में होल्डिंग टैक्स के नाम पर करोड़ो रूपये की वसूली की जा रही है. वही दूसरी तरफ अब पांच फ़ीसदी विद्युत सरचार्ज लगाने की तैयारी की जा रही है. जबकि नागरिकों को निकाय क्षेत्र के नाम पर कोई सुविधा मुहैया नहीं कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि नितिन गडकरी के आशीर्वाद से अब बहुत हद तक रांची जाम मुक्त होगी.

