
उदित वाणी, रांची : जमीन व बालू घोटाला मामले में मनी लांड्रिंग के तहत जांच कर रही जांच एजेंसी ने रांची के हमेशा विवादों में रहनेवाली तुपुदाना ओपी की पूर्व प्रभारी दारोगा मीरा सिंह के खिलाफ ईडी की बिशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी. ज्ञात हो कि पूर्व में मीरा सिंह व उनके करीबी जमीन कारोबारी सह कांग्रेस नेता लाल मोहित नाथ शाहदेव के ठिकानों पर ईडी ने 21 मार्च 2024 को छापेमारी कर 12.50 लाख रुपये नकदी जब्त किया था. जब्त किये गये आठ मोबाइल वाट्सएप चैट में भी इनके अवैध बालू ढुलाई समेत संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी.
छापेमारी के बाद रांची के एसएसपी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया था. उसके बाद से ही दारोगा मीरा सिंह पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रही है. एसीबी ने दारोगा मीरा सिंह को 25 फरवरी 2021 को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए भी गिरफ्तार किया था. इसके बाद ईडी ने अप्रैल 2024 में लगातार कई दिनों तक दारोगा मीरा सिंह को समन कर पूछताछ के लिए बुलाया था और उनका बयान लिया था. रुपयों के स्रोत पर दारोगा मीरा सिंह ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया था.
