
उदित वाणी, रांची : पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद पूरे एक्शन में आये. उन्होंने बुधवार को रांची के नेपाल हाउस स्थित अपने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यालय का औचक निरीक्षण किया तथा उन्होंने सात कर्मचारियों को शोकॉज जारी करने का निर्देश दिया. मंत्री योगेंद्र प्रसाद जब कार्यालय पहुंचे तो कुछ कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित थे तथा कुछ कर्मचारी समय पर कार्यालय में मौजूद नहीं थे. उन्होंने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए 7 कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा और विभागीय सचिव को जांच के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और फाइलों को निष्पादित करने की स्थिति की जानकारी भी हासिल की और विभाग की कार्यसंस्कृति में बदलाव लाने का निर्देश भी दिया. उन्होंने कहा कि विभाग संवेदनशील होकर कार्य करे. उन्होंने निर्देश दिया कि काम में अनावश्यक देरी, फाइलों को रोकने और जिम्मेदारियों से बचने जैसी प्रवृत्तियों पर पूरी तरह रोक लगाई जाय. विभाग को शून्य सहनशीलता की नीति के साथ कार्य करना होगा. उन्होंने यह भी कहा कि ऑफिस में समयबद्ध उपस्थिति और जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए कठोर अनुशासन लागू किया जायेगा.
