22 को चाईबासा में कोल्हान प्रमंडल के जिलाध्यक्षों तथा प्रखंड व मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन की अद्यतन स्थिति की लेंगे जानकारी
उदित वाणी, रांची: नियुक्ति के साथ ही झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू रेस हो गए. के राजू पांच दिवसीय प्रवास में 21 फरवरी को दोपहर रांची आयेंगे और पार्टी के लोगों के साथ पांचों दिन मैराथन बैठके करेंगे. कांग्रेस प्रभारी 21 को ही अपराहन दो बजे से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन के सशक्तिकरण पर विचार-विमर्श करेंगे. इसके बाद 22 फरवरी को रांची से चाईबासा जायेंगे. जहां पूर्वाहन 11 बजे पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसवां, पूर्वी सिंहभूम व जमशेदपुर महानगर जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्षों तथा प्रखंड व मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेंगे.
वहीं 23 फरवरी को सुबह 10.30 बजे कांग्रेस प्रभारी रांची में पार्टी कोटे के बोर्ड-निगम व आयोगों के अध्यक्ष व चेयरमैन, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ बैठक करेंगे. इसके बाद पूर्वाहन 11.30 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक और अपराहन दो बजे से कांग्रेस के अग्रणी मोर्चा संगठनों एवं उसके अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे. जबकि के राजू शाम 7 बजे रांची से हजारीबाग के लिए प्रस्थान करेंगे एवं रात्रि विश्राम हजारीबाग परिसदन में करेंगे. वे 24 फरवरी को हजारीबाग, चतरा, कोडरमा और रामगढ़ के जिलाध्यक्षों, प्रखंड और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करने के उपरांत रांची के लिए प्रस्थान करेंगे.
कांग्रेस प्रभारी 25 फरवरी को रांची जिला के लापुंग में खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, रांची नगर व रांची ग्रामीण के जिलाध्यक्षों, प्रखंड और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे. इसके बाद अपराहन चार बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे एवं शाम 6.30 बजे दिल्ली वापस लौटने के लिए रांची बिरसा मुंडा हवाई अड्डा प्रस्थान करेंगे.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।