
उदित वाणी, रांची : झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस एसएन प्रसाद और जस्टिस राजेश कुमार की खंडपीठ ने धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो की संपत्ति की जांच के लिए दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई पूरी कर ली. सभी पक्षों की बहस पूरी होने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया. सांसद ढुलू महतो की आय से अधिक संपत्ति की जांच के लिए सोमनाथ चटर्जी ने याचिका दाखिल की है.
खंडपीठ ने पिछली सुनवाई के दौरान आयकर विभाग की ओर से बताया गया था कि ढुलू महतो की संपत्ति के बारे में एसबीआइ पटना की ओर से कोई जानकारी नहीं दी जा रही है. मामले से जुड़े कुछ तथ्य जानने के लिए कई बार आग्रह किया गया, लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है. इसके बाद अदालत ने एसबीआइ को प्रतिवादी बनाने का निर्देश दिया था. खंडपीठ ने राज्य सरकार को भी निर्देश दिया था कि वह आयकर विभाग को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराए.

