
उदित वाणी, रांची : कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में विशेष शाखा के हवलदार दिलीप तिर्की की सेवानिवृत्ति के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उन्हें सम्मानित किया. मुख्यमंत्री ने तिर्की को पुष्प गुच्छ, शॉल एवं छाता भेंट कर उनके समर्पण और निष्ठा से भरे करीब 40 वर्षों के सेवा काल की सराहना की.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हवलदार दिलीप तिर्की का कार्यकाल अत्यंत अनुकरणीय रहा है. उन्होंने पूरे मनोयोग और ईमानदारी के साथ राज्य की सेवा की. ऐसे कर्मठ एवं समर्पित कर्मियों का योगदान हमेशा याद किया जाएगा. तिर्की 30 सितंबर 2025 को सेवानिवृत्त हुए. वर्ष 2000 से वे मुख्यमंत्री आवास में तैनात थे और निरंतर निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे.
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर तिर्की के स्वस्थ, सुखमय और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की.

