
उदित वाणी, रांची: झारखंड के आदिवासी समाज के प्रमुख नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज रांची के नेमरा गांव में पूरे सम्मान के साथ किया गया। उनके बेटे और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें मुखाग्नि दी।
मुखाग्नि देने के बाद, जैसे ही शिबू सोरेन की चिता पर आग लगी, अचानक मूसलधार बारिश शुरू हो गई। यह बारिश उनकी विदाई पर आसमान की श्रद्धांजलि जैसी प्रतीत हुई। इसके बावजूद, शिबू सोरेन के असंख्य समर्थक वहां मौजूद रहे और अपने नेता को अंतिम विदायी देने के लिए डटे रहे। घाट पर उपस्थित लोग एक ही स्वर में “दिशोम गुरु अमर रहें, शिबू सोरेन अमर रहें” के नारे लगा रहे थे।
इसके पहले, मंगलवार सुबह शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर उनके रांची स्थित आवास से विधानसभा लाया गया, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। तमाम राजनीतिक नेताओं और समर्थकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बाद में उनका अंतिम यात्रा नेमरा गांव के लिए शुरू हुई, जहां रांची से लेकर रास्तेभर समर्थकों ने उनका स्वागत किया और फूलों की बारिश की।
आपको बता दें कि शिबू सोरेन का निधन 4 अगस्त को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में हुआ था, जहां वे लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। उनका पार्थिव शरीर रांची पहुंचने पर मोरहाबादी स्थित उनके आवास पर देर रात तक लोग श्रद्धांजलि अर्पित करते रहे।

