
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के गगलूबनी गांव के पास स्थित जंगल में रविवार को एक अधेड़ व्यक्ति का सड़ा-गला शव पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया. मृतक की पहचान गांव निवासी पांडू साहिष (55) के रूप में हुई है, जो 25 जून की शाम से लापता थे. ग्रामीणों ने जब शव को देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
बताया जा रहा है कि पांडू खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. मृतक के मामा मंगल साहिष ने बताया कि वह कई दिनों से गंभीर रूप से बीमार चल रहा था और बीमारी से मानसिक रूप से परेशान था. आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया.
पांडू का शव उसके घर से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल में पेड़ से लटका हुआ पाया गया. शव की स्थिति अत्यंत खराब थी, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि मृत्यु कुछ दिन पूर्व हो चुकी थी.
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. मृतक अपने पीछे आठ बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है. मामले की जांच जारी है.

