
उदित वाणी, रांची : बोकारो के तेतुलिया मौजा में लगभग 107 एकड़ वनभूमि की फर्जी तरीके से खरीद-बिक्री के मामले में सीआईडी द्वारा तीसरी गिरफतारी की गई. सीआईडी ने सोमवार को मामले में राजबीर कंस्ट्रक्शन रांची के संचालक पुनीत अग्रवाल को गिरफ्तार किया. उनकी गिरफ्तारी रांची के लालपुर स्थित उनके आवास से की गई है. पुनीत अग्रवाल पर उक्त जमीन के एवज में उमायुष कंपनी को 3 करोड़ 40 लाख रुपये के भुगतान करने का आरोप है.
ज्ञात हो कि पुनीत अग्रवाल के पहले सीआईडी द्वारा मामले में किंगपिन इजहार हुसैन व अख्तर हुसैन को गिरफ्तार किया गया है. इन दोनों आरोपियों ने उक्त जमीन का फर्जी दस्तावेज तैयार कराया था और बर्ष 2021 में इजहार व अख्तर ने उमायुष मल्टीकाम प्राइवेट लिमिटेड को 107 एकड़ की उक्त वनभूमि सिर्फ 10.3 करोड़ में बेच दिया था. तब उक्त जमीन का सर्किल दर ही 23 करोड़ रुपये था.
जबकि इसी उमायुष कंपनी को उक्त जमीन के एवज में पुनीत अग्रवाल ने 3 करोड़ 40 लाख रुपये का भुगतान किया था. इसके बाद वन विभाग ने वन भूमि घोटाला मामले में सीजेएम बोकारो की अदालत में याचिका दाखिल की थी. जिसके आधार पर बोकारो सेक्टर-12 स्थित थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
