
उदित वाणी, रांची : 26 जून को निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध राज्यव्यापी जागरूकता अभियान के समापन के अवसर पर रांची में प्रातः 6:00 बजे एक भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया. दौड़ का शुभारंभ खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी से हुआ. प्रतिभागियों ने बापू वाटिका, एसएसपी आवास, रेडियम रोड, कचहरी चौक और शहीद चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ पूरी की.
इस आयोजन में युवाओं, छात्र-छात्राओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. आयोजन का उद्देश्य राज्य में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था.
डोरंडा में होगा अभियान का विधिवत समापन
इसी दिन अपराह्न 1:00 बजे शौर्य सभागार, डोरंडा में राज्यव्यापी जागरूकता अभियान का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा. समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन होंगे. इस अवसर पर अभियान की उपलब्धियों की समीक्षा की जाएगी और नशा मुक्ति की दिशा में सरकार की आगामी योजनाओं को साझा किया जाएगा.
प्रेस एवं मीडिया के लिए विशेष आमंत्रण
समारोह के कवरेज हेतु सभी प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों को सादर आमंत्रित किया गया है. यह कार्यक्रम समाजहित में जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसकी व्यापक रिपोर्टिंग से जनमानस तक प्रभावी संदेश पहुँचाया जा सकेगा.

