
उदित वाणी, रांची : कुछ न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह दावा किया जा रहा है कि रांची में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में चूक हुई और उनके काफिले के बीच एक स्कूटी सवार व्यक्ति घुस गया. रांची पुलिस ने इस खबर को पूरी तरह आधारहीन और भ्रामक करार दिया है.
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि जब राष्ट्रपति महोदया, महामहिम राज्यपाल और मुख्यमंत्री का काफिला काफी दूर जा चुका था, तब एयरपोर्ट पर ड्यूटी समाप्त कर लौट रहे पदाधिकारियों के पीछे एक स्कूटी सवार दिखाई देता है. एहतियात के तौर पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने उसे कुछ देर के लिए रोका.
जांच में यह पाया गया कि वह व्यक्ति विशेष शाखा का पुलिसकर्मी था, जो एयरपोर्ट पर आसूचना संकलन के कार्य हेतु प्रतिनियुक्त था और ड्यूटी समाप्त होने के बाद अपने गंतव्य की ओर जा रहा था. रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वह वाहन किसी भी काफिले का हिस्सा नहीं था.
पुलिस का कहना है कि इसी दृश्य को लेकर कुछ लोगों को गलतफहमी हुई कि सुरक्षा में चूक हुई है. रांची पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपुष्ट या भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें. राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद और पुलिस कर्मी अपनी ड्यूटी के प्रति पूरी तरह सजग हैं.

