
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार सुबह बड़ा दर्दनाक हादसा सामने आया, जब धुर्वा डैम से जमशेदपुर कोर्ट के प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज के दो पुलिस बॉडीगार्ड और सरकारी वाहन चालक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई. मृतकों में पुलिस जवान सत्येंद्र कुमार, उपेंद्र कुमार सिंह और सरकारी चालक रोबिन कुमार शामिल हैं. तीनों शुक्रवार देर रात से लापता बताए जा रहे थे.
सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने डैम के अंदर एक सफेद कार पानी में डूबी हुई देखी और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही नगरी थाना और इंटरनेशनल से रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. जेसीबी और गोताखोरों की मदद से कार को बाहर निकाला गया. कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी और उसके अंदर तीनों के शव मिले. पुलिस ने घटनास्थल से जवानों के दो सरकारी हथियार और वही क्षतिग्रस्त कार भी बरामद की है.
शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि देर रात तेज गति या कम दृश्यता के कारण कार अनियंत्रित होकर सीधे डैम में जा गिरी. डैम की गहराई ज्यादा होने से कार पानी में डूब गई और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई होगी. हालांकि पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है.
पुलिस को शक है कि कार में एक और व्यक्ति भी सवार हो सकता था. इसलिए डैम में सर्च ऑपरेशन जारी है. गोताखोरों की टीम आसपास के क्षेत्र में तलाश में जुटी है.
नगरी थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है, ताकि वास्तविक कारण स्पष्ट हो सके. साथ ही यह भी जांच हो रही है कि इतनी ठंड और रात में पुलिस जवान डैम इलाके में क्यों गए थे, क्या वे किसी सरकारी ड्यूटी पर थे या निजी कारणों से वहां पहुंचे थे.
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर है. वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और परिजनों को सूचित कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद हादसे के कारणों पर स्पष्ट जानकारी मिलेगी.

