
उदित वाणी, रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रांची आगमन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही है. वहीं उनकी सुरक्षा को लेकर भी कड़े इंतजाम किये जा रहे हैं. इसी बीच सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारी की है. और बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लेकर हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक और राजभवन तक के 200 मीटर के दायरे को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है.
प्रशासन के द्वारा जारी ये आदेश ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून जैसी उड़ने वाली गतिविधयों पर लागू किया गया है. मतलब अब इस क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति या संस्था इन सब गतिविधियों का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे. यह आदेश रांची अनुमंडल दंडाधिकारी के द्वारा BNS की धारा 163 के तहत जारी किया गया है, जो कि 2 दिनों तक जारी रहेगा. यह व्यवस्था 31 जुलाई की सुबह 6 बजे से 1 अगस्त की रात 10 बजे तक लागू रहेगी.
जानकारी के लिए बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए झारखंड आ रही हैं.

